सेवा पखवाड़े के तहत उत्तराखंड में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे तीन दिन तक सेवाएं
उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान शुरू किया है। ‘सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न ब्लॉकों में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकें।
देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि 4 जुलाई को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल परिसर में आयोजित शिविर में 20 हजार से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर को बड़ी सफलता मिली। वहीं 6 जुलाई को चकराता ब्लॉक में भी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 13 और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग छह स्पेशलिस्ट कैंप भी आयोजित करेगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर लगातार तीन दिनों तक मरीजों की जांच और उपचार करेंगे। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा परामर्श और फॉलो-अप सेवाओं का लाभ मिलेगा।
सीएमओ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह पहल काफी लाभदायक साबित होगी।