कोटद्वार के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग निर्माण जल्द होगा शुरू
लंबे समय से अटकी लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग परियोजना अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद उत्तराखंड सरकार ने निर्माण प्रक्रिया तेज कर दी है। वन विभाग ने सड़क निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) को सौंपने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस फैसले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेता विपिन कैंथोला ने कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की और इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि यह सड़क बनने से कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून के बीच आवागमन अधिक आसान होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।
विपिन कैंथोला ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अनिल बलूनी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी को देते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से सुप्रीम कोर्ट ने 12 फरवरी को परियोजना पर लगी रोक हटा दी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विभागीय प्रक्रियाएं जल्द पूरी होंगी और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के साथ क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।