खटीमा में लगा स्वास्थ्य एवं जनकल्याण शिविर, दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण
ऊधम सिंह नगर के खटीमा में उत्तराखंड सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य एवं जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान की भी व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए ताकि वे अपने दैनिक जीवन को अधिक सुगम बना सकें। महिलाओं और बालिकाओं के लिए लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच कर उचित सलाह प्रदान की। शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
शिविर में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने गंभीरता के साथ जन समस्याओं को सुना और कई मामलों का तत्काल समाधान किया। जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी देवेश सासनी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, एसडीएम तुषार सैनी, तहसीलदार वीरेंद्र सजवान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल, डॉ. बी. पी. सिंह, एसडीओ आलोक सचान एवं ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच दूरी कम कर लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना रहा।