रामनगर में वन माफियाओं पर शिकंजा, 23 मामलों का आरोपी लखविंदर गिरफ्तार
रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग ने वन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोस्ट वांटेड आरोपी लखविंदर को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई वर्षों से वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ था और उसके खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज हैं।
वन विभाग की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि आरोपी आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पातन की नीयत से प्रवेश करने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने पहले से जाल बिछाया और मौके पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम सागौन, शीशम और खैर जैसे बहुमूल्य पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है। विभाग उसके पुराने मामलों की भी समीक्षा कर रहा है।
वन विभाग का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान उसके साथ काम करने वाले अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध कटान और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।