उत्तराखंड को बेहतर रेल कनेक्टिविटी दिलाने की दिशा में सक्रिय सीएम धामी, केंद्र से की मांग
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की रेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने राज्य की वर्तमान जरूरतों और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए रेल नेटवर्क के विस्तार का प्रस्ताव रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड को कई नई रेल सुविधाएं मिली हैं, जिनका लाभ प्रदेशवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में भी रेल क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना चाहती है।
उन्होंने बताया कि मुंबई में प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ हुई मुलाकात के दौरान लोगों ने देहरादून, हरिद्वार और अन्य शहरों के लिए नई रेल सेवाओं की मांग रखी। इन सुझावों को उन्होंने रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्यटन प्रधान राज्य के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के हितों को ध्यान में रखते हुए रेल विस्तार से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।