सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, हल्द्वानी से रवाना हुआ जत्था
नैनीताल: उत्तराखंड सरकार की धार्मिक पर्यटन योजना के तहत नैनीताल जिले से श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ धाम के लिए रवाना हो गया। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बस को हरी झंडी दिखाई।
उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को ऐसे पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिले। इसी उद्देश्य से यात्रा को पूरी तरह निःशुल्क बनाया गया है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या के अनुसार यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालु देहरादून पहुंचने के बाद विशेष ट्रेन से गुजरात के सोमनाथ धाम जाएंगे। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
नैनीताल जिले से इस यात्रा में 37 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने इस पहल के लिए सरकार का आभार जताया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धालुओं को सफल और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।