रुड़की में कांग्रेस की हुंकार, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर सरकार से मांगा जवाब
रुड़की: कांग्रेस ने रुड़की में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए छात्रों के हितों की बात की। कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने मेहनती छात्रों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के बिना देश के युवाओं का भविष्य मजबूत नहीं हो सकता।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन दोनों मोर्चों पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करने के लिए निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली जरूरी है।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने छात्रों और युवाओं से राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।