RTI के बाद खुला नई समिति का मामला, साबिर पाक दरगाह प्रशासन ने जारी किए नोटिस
रुड़की: पिरान कलियर स्थित प्रसिद्ध साबिर पाक दरगाह में एक नई समिति के गठन का मामला अब प्रशासनिक जांच तक पहुंच गया है। सूचना के अधिकार (RTI) के जरिए मांगी गई जानकारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ और प्रशासन हरकत में आया।
जानकारी के अनुसार “अंजुमन ए खुद्दाम ए आस्ताना साबिर पाक समिति” के नाम से एक विजिटिंग कार्ड जारी किया गया है। इसमें समिति का पंजीकरण संख्या और पदाधिकारियों के नाम भी प्रकाशित किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समिति के गठन के लिए दरगाह प्रशासन से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई। इसी कारण समिति की वैधता को लेकर सवाल उठ रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
RTI आवेदन मिलने के बाद दरगाह प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि समिति का गठन किस प्रक्रिया के तहत किया गया।
जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।