रुड़की में भाई-भाई के विवाद में चली गोली, घायल अस्पताल में भर्ती
रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने सनसनी फैला दी। बाजुहेड़ी गांव में दो सगे भाइयों के बीच चल रही पुरानी रंजिश के चलते गोली चलने की घटना सामने आई है। आरोप है कि प्रधान पति ने अपने भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से घायल राजेश सैनी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायल को इलाज के लिए भेजा। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
आरोपी घटना के बाद फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।