देहरादून में स्मार्ट ट्रांसपोर्ट की शुरुआत, GPS और पैनिक बटन से होगी हर वाहन की निगरानी
देहरादून: परिवहन विभाग ने स्मार्ट और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में नई पहल की है। अब 1 अप्रैल 2019 के बाद पंजीकृत सभी पैसेंजर वाहनों में GPS और पैनिक बटन लगाना अनिवार्य होगा। विभाग का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है।
आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि जिले में 25 हजार से अधिक वाहनों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है। सभी वाहनों को एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जहां से उनकी निगरानी की जाएगी।
GPS प्रणाली वाहन की स्पीड, लोकेशन और ड्राइविंग पैटर्न पर लगातार नजर रखेगी। यदि वाहन में कोई तकनीकी गड़बड़ी होती है या GPS डिवाइस से छेड़छाड़ की जाती है तो सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैनिक बटन को सीधे 112 इमरजेंसी सेवा से जोड़ा गया है। बटन दबाते ही पुलिस को वाहन की सटीक लोकेशन प्राप्त होगी, जिससे राहत और बचाव कार्य में तेजी आएगी।
परिवहन विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।