‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: देहरादून में मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ, उत्तराखंड की ओर से मंगलवार को एमकेपी कॉलेज, देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृशक्ति के प्रति सम्मान का संदेश देना रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और कॉलेज परिवार ने पौधारोपण कर हरित उत्तराखंड का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधा लगाने का अभियान नहीं, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे।
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि मां जीवन देती हैं और पेड़ जीवन को सुरक्षित रखते हैं। ऐसे में यह अभियान प्रकृति और मातृ सम्मान को एक साथ जोड़ने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखना और उन्हें विकसित करना भी सभी की जिम्मेदारी है।
भाजपा देहरादून महानगर के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। वहीं जिला संयोजक नलिनी त्रिखा तनेजा ने कहा कि इस अभियान को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान एमकेपी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में निशांत गुप्ता, कृष्णा, रेनू जैन, निधि वत्स, देव अरोड़ा, शैली अरोड़ा, सुभाष शर्मा, दिलबाग सिंह, आकाश गुप्ता, नेहा, सागर डंगवाल, अनमोल छेत्री, रीटा जोरावर सहित अनेक कार्यकर्ता और सामाजिक सहयोगी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “एक पेड़—एक संकल्प, हरित उत्तराखंड हमारा लक्ष्य” के संदेश के साथ हुआ।