बाइक चोरी के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, पीड़ित ने CM पोर्टल से लगाई गुहार
रामनगर में बाइक चोरी की घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित युवक का कहना है कि शिकायत देने के बाद भी उसे तहरीर की रिसीविंग नहीं मिली और कई दिनों तक उसे सिर्फ इधर-उधर भेजा जाता रहा।
पीड़ित के मुताबिक, 14 जुलाई को उसकी बाइक मंगल बाजार स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने वाली गली से चोरी हो गई। उसने उसी दिन कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और बाइक बरामद करने की मांग की।
युवक का आरोप है कि जब वह शिकायत की स्थिति जानने पहुंचा तो उसे हर बार अलग-अलग कर्मचारियों के पास भेजा गया। किसी ने तहरीर लेने वाले पुलिसकर्मी को बुलाने को कहा तो किसी ने दूसरे कर्मचारी का इंतजार करने की बात कही।
कई दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से निराश युवक ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी। उसका कहना है कि अब उसे उम्मीद है कि उच्च स्तर पर उसकी बात सुनी जाएगी।
मामले में कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि उन्हें इस शिकायत की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।