मामूली कहासुनी बनी खूनी झड़प, आम के बाग में लाठी-डंडे चले
रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में आम के बाग में हुआ एक विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो मजदूर घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम मजदूर बाग में आम तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और आम तोड़ने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया। इस दौरान फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य मजदूर भी चोटिल हुआ।
घटना के दौरान बाग से आम ले जाने और वाहनों में तोड़फोड़ करने की भी शिकायत सामने आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को शांत कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है।