बारिश से उत्तराखंड की रफ्तार थमी, भूस्खलन के कारण सड़कें बंद, प्रशासन सतर्क
मानसून की तेज बारिश ने उत्तराखंड के कई जिलों में जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़कें बंद हो गई हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार प्रदेश में 184 सड़कें बंद हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण संपर्क मार्गों की है। सड़कें बंद होने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। विभाग की टीमें लगातार मलबा हटाने में जुटी हुई हैं।
चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनें और कर्मचारी 24 घंटे तैनात किए गए हैं।
दूसरी ओर आपदा प्रबंधन विभाग ने भी सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा है। सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की देरी नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमें भेजी जाएंगी।
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।