रुड़की में जन अधिकार पार्टी का प्रदर्शन, छात्रों के समर्थन में निकाली मशाल रैली
रुड़की: छात्रों के समर्थन में शुक्रवार शाम रुड़की की सड़कों पर जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के कार्यकर्ता उतर आए। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में पार्टी ने मशाल रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बीएसएम चौक से शुरू हुई यह रैली चंद्रशेखर चौक तक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मशाल और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया गया और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो भविष्य में राज्यभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।