लगातार बारिश से नैनीताल में बढ़ी मुश्किलें, यातायात और कारोबार दोनों प्रभावित
नैनीताल में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बरसात और घने कोहरे के कारण लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हो रही है। मौसम का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
घने कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो गई है। वाहन चालकों को दिन के समय भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में खराब दृश्यता के कारण दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
बारिश के चलते गर्जिया-बेतालघाट राज्य मार्ग पर मलबा आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। कई अन्य स्थानों पर भी पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय बाजारों में भी बारिश का असर साफ नजर आ रहा है। ग्राहक कम पहुंचने के कारण छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग भी मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति कम दर्ज की गई है। प्रशासन लगातार मौसम पर नजर रखे हुए है और लोगों से मौसम साफ होने तक पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।