नेमिशरण्य से रुड़की पहुंचे महंत पावन दास जी, दिसंबर में होगा विराट वैदिक महायज्ञ
रुड़की में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में श्री हनुमानगढ़ी नेमिशरण्य के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महंत पावन दास जी महाराज का भव्य स्वागत किया गया। पहली बार रुड़की पहुंचे महंत जी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
महंत पावन दास जी महाराज ने कहा कि नेमिशरण्य सनातन धर्म की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां देशभर से श्रद्धालु भगवान विष्णु की तपोभूमि के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने इस पवित्र धाम की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि 6 से 13 दिसंबर तक नेमिशरण्य में श्रीमद्भागवत कथा और विराट वैदिक महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू जी महाराज करेंगे, जबकि 1008 वैदिक ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ संपन्न कराएंगे।
महंत जी ने जानकारी दी कि इस आयोजन का सीधा प्रसारण आस्था चैनल पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु भी कथा का लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम में कई संत-महात्माओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।