नंदा की चौकी पुल पर अफवाहों के बीच विभाग ने दी सफाई
देहरादून: नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की जानकारियां सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग ने आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट की है। विभाग का कहना है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है।
विभाग ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पुल से जुड़ी एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया था। इससे कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित बनी हुई है।
पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रभावित हिस्से की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और जल्द यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट सूचनाओं से बचें।