झिरना रेंज में मिला हाथी का शावक, वन विभाग ने शुरू की विशेष निगरानी
रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की झिरना रेंज से एक नन्हे हाथी के शावक के रेस्क्यू की खबर सामने आई है। नियमित गश्त के दौरान वनकर्मियों को यह शावक अकेला मिला, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
वन विभाग की टीम ने सबसे पहले शावक को उसकी मां और झुंड तक पहुंचाने की कोशिश की। कई घंटे तक जंगल में निगरानी रखी गई, लेकिन हाथियों का कोई झुंड उसे अपने साथ नहीं ले गया।
निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि शावक की हालत फिलहाल सामान्य है, हालांकि उसके शरीर पर हल्की चोटें मिली हैं। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
शावक को वन विभाग के सुरक्षित परिसर में क्वारंटीन किया गया है। यहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है ताकि वह पूरी तरह स्वस्थ रह सके।
कॉर्बेट प्रशासन ने कहा है कि वन्यजीव संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा। यदि शावक को उसकी मां से नहीं मिलाया जा सका तो उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जा सकता है।