2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प को संतों का आशीर्वाद, हरिद्वार से ऋषिकेश तक निकलेगी विशेष कांवड़ यात्रा
देहरादून/हरिद्वार: वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष कांवड़ यात्रा से पहले उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह विशेष कांवड़ यात्रा 10 अगस्त को हर की पैड़ी, हरिद्वार से गंगाजल लेकर वीरभद्र महादेव मंदिर, ऋषिकेश तक निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने की कामना के साथ देशभर में जनजागरण का संदेश देना है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिले। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उठने वाला यह संकल्प देश के युवाओं, खिलाड़ियों और खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि जब आस्था, राष्ट्रहित और खेल संस्कृति का संगम होता है, तो वह जनआंदोलन का रूप ले लेता है। भगवान भोलेनाथ की कृपा और संत समाज के आशीर्वाद से भारत का यह सपना अवश्य साकार होगा।
इस अवसर पर संतों ने भी भारत को वर्ष 2036 में ओलंपिक की मेजबानी मिलने की शुभकामनाएं देते हुए रेखा आर्या को “विजयी भव, संकल्प सिद्धिरस्तु” का आशीर्वाद दिया और राष्ट्रहित के इस अभियान की सफलता की कामना की।