हरेला पर्व पर पौधरोपण कर कृषि मंत्री ने दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश
हरेला पर्व के अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने सरकारी आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत में हरेला पर्व का विशेष स्थान है। यह पर्व प्रकृति के प्रति आस्था, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इस परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी बेहद जरूरी है। यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल नहीं होगी, तो पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।
उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि यह पहल लोगों को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ने का माध्यम बन रही है। उन्होंने युवाओं से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
कृषि मंत्री ने उम्मीद जताई कि हरेला पर्व के अवसर पर शुरू हुआ पौधरोपण अभियान पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा और उत्तराखंड को हरित राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।