पिक्चर पैलेस क्षेत्र में जल निकासी बंद होने का आरोप, सड़क को नुकसान की जताई आशंका
मसूरी के पिक्चर पैलेस क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन के पास वर्षा जल निकासी बाधित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय निवासी यश गुप्ता ने कहा है कि मॉल रोड से आने वाले बारिश के पानी का रास्ता बंद होने से भविष्य में सड़क पर जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर जल निकासी को रोका गया है, वह लोक निर्माण विभाग की सड़क है। ऐसे में बिना विभागीय अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या बदलाव नियमों के अनुरूप नहीं माना जा सकता।
यश गुप्ता का कहना है कि लगातार पानी जमा रहने से सड़क की मजबूती प्रभावित होगी। यदि समय रहते निकासी व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो सड़क के क्षतिग्रस्त होने और धंसने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिकायत सौंपते हुए मौके का निरीक्षण कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
यदि मामले का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह उपजिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कर सरकारी सड़क का निजी निर्माण कार्य के लिए उपयोग किए जाने की जांच कराने की मांग करेंगे।