कॉर्बेट लैंडस्केप में घायल मिले ‘भोला’ बाघ का रेस्क्यू, विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
कॉर्बेट लैंडस्केप के लोकप्रिय नर बाघ ‘भोला’ को गंभीर रूप से घायल पाए जाने के बाद वन विभाग ने देर रात सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे ढेला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत पर विशेषज्ञ डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, वनकर्मियों ने कुछ दिन पहले भोला को लंगड़ाते हुए देखा था। इसके बाद उसकी लगातार मॉनिटरिंग शुरू की गई। जांच में सामने आया कि बाघ की चोट गंभीर है और वह पर्याप्त शिकार नहीं कर पा रहा, जिससे उसका वजन और शारीरिक क्षमता दोनों प्रभावित हुए हैं।
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेष रेस्क्यू टीम का गठन किया। गुरुवार रात अनुकूल मौका मिलने पर टीम ने बाघ को सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज किया और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ढेला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ वन्यजीव पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा के अनुसार, बाघ के एक पैर में गहरा घाव है और कई हिस्सों में मांस उधड़ा हुआ मिला है। शुरुआती जांच से लगता है कि यह चोट किसी अन्य नर बाघ के साथ हुई लड़ाई का परिणाम हो सकती है।
वन विभाग का कहना है कि फिलहाल भोला की हालत स्थिर है। उपचार और रिकवरी पूरी होने के बाद मेडिकल टीम की सलाह पर उसे फिर से जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में सामान्य जीवन जी सके।