भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी, संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन पर जोर
उत्तराखंड में चुनावी माहौल धीरे-धीरे बनने लगा है और इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव के समय पार्टी विशेष चुनावी टीम और प्रदेश चुनाव संचालन समिति का गठन करती है। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए जाते हैं, जो स्थानीय स्तर पर चुनावी गतिविधियों की निगरानी करते हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन का सबसे बड़ा लक्ष्य हर बूथ पर मजबूत और सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना है। बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क बनने से चुनाव के दौरान मतदाताओं तक प्रभावी तरीके से पहुंच बनाई जा सकेगी।
महेंद्र भट्ट के अनुसार, भाजपा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार सदस्यता और जनसंपर्क अभियान चला रही है। पार्टी युवा शक्ति को चुनावी अभियान का महत्वपूर्ण आधार मान रही है।
इसके अलावा केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। भाजपा का कहना है कि लाभार्थी संपर्क अभियान के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।