नैनी झील में मिला युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
सरोवर नगरी नैनीताल में शुक्रवार को नैनी झील से एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। झील में शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
तल्लीताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने शव की पहचान के लिए तलाशी ली, जिसमें मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान मल्लीताल निवासी मनीष के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि आसपास मौजूद लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।