आयुक्त दीपक रावत ने बढ़ाई प्रशासनिक सख्ती, लंबित मामलों पर मांगा जवाब
नैनीताल: कुमाऊँ मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय और प्रशासनिक सेवाएं समय पर मिलनी चाहिए। लंबित मामलों को दो महीने के भीतर समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजस्व अभिलेखागार में रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर आयुक्त ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की नकल जारी करने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। रिकॉर्ड अपडेट रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके लिए नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सौरभ असवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस गार्ड ऑफ ऑनर और स्वागत समारोह के साथ हुई।