रुड़की दौरे पर कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा, बोले- जनता बदलाव चाहती है
कांग्रेस ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा रुड़की पहुंचे और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में डॉ. गौरव चौधरी, डॉ. रणबीर नागर, आशीष सैनी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में आलोक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के बीच जा रही है और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य मजबूत संगठन के साथ चुनाव मैदान में उतरना है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश की गई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं।
आलोक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस प्रदेशभर में अपने जनसंपर्क अभियान को और तेज करेगी तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।