खटीमा में खेत की पानी निकासी पर विवाद, प्रशासनिक जांच शुरू
ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में खेत की पानी निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रशासन तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निकासी पाइप बंद होने से खेत में जलभराव हो गया और उनकी धान की फसल प्रभावित हुई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वर्षों से जिस रास्ते से पानी निकलता था, उसे मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया। इसके चलते खेत में चार से पांच फीट तक पानी भर गया और फसल को नुकसान होने लगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि फसल को और नुकसान से बचाया जा सके। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच भी कराई जाए।
मामले में दूसरे पक्ष का कहना है कि शिकायतकर्ता उनकी भूमि पर जबरन नाला बनाना चाहता है। प्रतिवादी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें खारिज कर दिया है।
प्रशासनिक अधिकारी गीता गौतम ने बताया कि शिकायत संबंधित विभाग को भेज दी गई है। जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।