लिबरहेड़ी में हिंसक झड़प के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, कई आरोपी रडार पर
रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गाँव लिबरहेड़ी में 7 जून को दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। घटना के दौरान फायरिंग और पत्थरबाजी की खबर सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया था।
मंगलौर पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अब पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से कुछ लोग हथियारों के साथ फायरिंग कर रहे हैं, जबकि अन्य लोग पत्थरबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी के अनुसार, पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।