पिथौरागढ़ में पीआईबी की मीडिया कार्यशाला, केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और योजनाओं पर विस्तृत चर्चा
पिथौरागढ़: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा पिथौरागढ़ में एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की विगत 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यशाला का विषय “लोक सेवा ही संकल्प – 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” रखा गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित रही कार्यशाला
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि एवं ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति
कार्यशाला में नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं गणेश भंडारी (उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय लघु सिंचाई सलाहकार समिति), जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और प्रतिभागियों का स्वागत किया और कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
मीडिया की भूमिका को बताया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ
संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है और पत्रकार सरकार तथा जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की तथ्यात्मक और सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि और आधारभूत विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
पिथौरागढ़ में विकास और पर्यटन पर विशेष जोर
कार्यशाला में बताया गया कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए सड़क, हवाई संपर्क और अन्य विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हुआ है।
कैलाश मानसरोवर यात्रा, आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा जैसे धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन स्थलों के कारण क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।

महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में प्रगति
कार्यक्रम में बताया गया कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय में वृद्धि हुई है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और अन्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। वहीं उद्यानिकी विकास के तहत सेब, कीवी और अन्य उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुधार
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी दी।
जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई ने नई शिक्षा नीति और समग्र शिक्षा अभियान के तहत किए जा रहे सुधारों पर प्रकाश डाला।
युवा विकास और कौशल निर्माण पर जोर
माई भारत के निदेशक डॉ. शैलेश भट्ट ने युवाओं के कौशल विकास, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और स्वयंसेवी गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी।
मीडिया से संवाद और सुझाव
कार्यक्रम के दौरान पीआईबी सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। पत्रकारों ने सीमांत क्षेत्रों में सूचना संप्रेषण और समाचार संकलन से जुड़ी चुनौतियां साझा कीं।
सुंद्रियाल ने आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों को संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा और समाधान के प्रयास किए जाएंगे।