पौड़ी में बारिश का कहर, भूस्खलन से सड़कें प्रभावित, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
पौड़ी गढ़वाल: जिले में बुधवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
सबसे अधिक असर कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर देखने को मिला, जहां सतपुली मल्ली और बधालीखाल के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे। इसके चलते यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रहा।
संबंधित विभाग द्वारा तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाया जा रहा है ताकि यातायात जल्द सामान्य हो सके।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।