शिवपुरम में बदहाल व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, मेयर का पुतला दहन कर जताया विरोध
रुड़की: शिवपुरम क्षेत्र में बदहाल सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल के साथ मिलकर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
सोमवार को शिवपुरम से आजादनगर चौक तक निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि लोगों के घरों तक पानी पहुंच जाता है। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आता।
यूकेडी जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
रैली के बाद आजादनगर चौक पर मेयर और नगर निगम का पुतला दहन कर प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था की मांग की।