भारी बारिश से साबिर साहब की दरगाह जलमग्न, गंदे पानी के बीच जायरीनों का फूटा गुस्सा
विश्व प्रसिद्ध हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर कलियरी (साबिर साहब) की दरगाह में भारी बारिश के बाद जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। दरगाह परिसर में गंदा पानी भरने से हजारों जायरीनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ने पर स्थानीय लोगों और जायरीनों ने दरगाह प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे दरगाह परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया। श्रद्धालुओं को दरगाह तक पहुंचने और जियारत करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर गंदे पानी के बीच होकर लोगों को गुजरना पड़ा, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति देखने को मिलती है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित नहीं की गई। उनका कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस धार्मिक स्थल पर बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर प्रशासन को पहले से तैयारी करनी चाहिए थी। यदि समय रहते उचित इंतजाम किए जाते तो बारिश के बाद ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
लोगों ने प्रशासन और दरगाह प्रबंधन से मांग की है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए आधुनिक जल निकासी व्यवस्था और नियमित रखरखाव बेहद आवश्यक है।