पुलिस की मौजूदगी में भिड़े दो पक्ष, डालनवाला में चार लोगों पर कार्रवाई
देहरादून: डालनवाला थाना क्षेत्र के कृष्णा कॉलोनी में एमडीडीए की सीलिंग कार्रवाई के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए।
कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता रहा।
लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ BNSS की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ जारी है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है ताकि विवाद की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्रवाई के दौरान कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।