रस्क के पैकेट में मृत छिपकली मिलने से मचा हड़कंप, खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की में एक पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट को लेकर सामने आए मामले ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। एक परिवार ने आरोप लगाया है कि खरीदे गए रस्क के पैकेट के अंदर मृत छिपकली का बच्चा मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा शुरू हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामपुर चुंगी स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी ग्राहक ने स्थानीय दुकान से रस्क खरीदा था। घर पर पैकेट खोलने के दौरान एक रस्क पर संदिग्ध निशान दिखाई दिया। गौर से देखने पर उसमें मृत छिपकली का बच्चा नजर आया।
घटना के बाद ग्राहक सीधे दुकान पर पहुंचा और दुकानदार को पैकेट दिखाया। दुकानदार ने सप्लायर को सूचना दी, लेकिन ग्राहक का आरोप है कि सप्लायर मौके पर नहीं आया। इससे मामले को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
ग्राहक ने कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने संबंधित कंपनी और विभाग से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
फ़ूड इंस्पेक्टर योगेंद्र पांडे ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद सैंपल जांच सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।