उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार, पेट्रोल पंपों पर खुलेंगे ‘हिलान्स आउटलेट’
देहरादून: उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। अब पहाड़ों में तैयार होने वाले पारंपरिक खाद्य उत्पाद, मसाले, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय वस्तुएं सीधे पेट्रोल पंपों के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचेंगी। देहरादून जिला प्रशासन और रीप (REAP) परियोजना ने मिलकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए ‘हिलान्स आउटलेट’ शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे उनके उत्पादों को स्थायी और व्यापक बाजार मिलेगा।
ग्रामीण स्वयं सहायता समूह लंबे समय से गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उचित बाजार और खरीदारों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या का समाधान करते हुए जिला प्रशासन ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के सहयोग से व्यस्त पेट्रोल पंपों पर विशेष आउटलेट स्थापित करने की योजना बनाई है। यहां ईंधन भरवाने आने वाले स्थानीय लोग और पर्यटक आसानी से उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद खरीद सकेंगे।
इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत विकासखंड डोईवाला से होगी। जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सोनम गुप्ता के अनुसार, राज्य स्तर पर आईओसीएल के साथ हुए एमओयू के तहत पहले चरण में फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के पास स्थित आईओसीएल पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला ‘हिलान्स आउटलेट’ खोला जाएगा। योजना सफल होने के बाद इसे राज्य के अन्य पेट्रोल पंपों तक भी विस्तारित किया जाएगा।
इन आउटलेट्स पर उत्तराखंड की प्रसिद्ध पहाड़ी दालें जैसे गहत, भट्ट और तोर, पारंपरिक मसाले, जड़ी-बूटियां, स्थानीय खाद्य एवं डेयरी उत्पादों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित हैंडीक्राफ्ट उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
यह पहल पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है। अब देहरादून और उत्तराखंड आने वाले पर्यटक अपनी यात्रा की याद के रूप में केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि यहां के पारंपरिक स्वाद, संस्कृति और हस्तशिल्प को भी अपने साथ ले जा सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।