विजिलेंस ने साझा किया कार्रवाई का रिपोर्ट कार्ड, 18 अधिकारियों-कर्मचारियों पर हो चुकी है कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तराखंड विजिलेंस विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सक्रिय है। विभाग ने अपने कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और इस अवसर पर विभाग की उपलब्धियों की भी जानकारी दी।
एडीजी विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि विभाग अब तक 18 अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। इनमें दो राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि करीब 40 मामले अभी शासन स्तर पर लंबित हैं। विभाग इन मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहा है ताकि आगे की कार्रवाई समय पर की जा सके।
एडीजी ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के निर्णयों का अध्ययन कर यह देखा जाता है कि जांच और साक्ष्य संकलन में कहीं कोई कमी तो नहीं रही। यदि सुधार की आवश्यकता होती है तो भविष्य की जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाता है। साथ ही, गवाहों के बयान बदलने की स्थिति में भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर सामने आने की अपील की। उन्होंने कहा कि 1064 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराकर लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।