उत्तराखंड में वोटर वेरिफिकेशन अभियान शुरू, 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO
तीन बार विजिट कर सुनिश्चित करेंगे कि कोई मतदाता न छूटे
उत्तराखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और जरूरी फॉर्म भरवाएंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता पहली बार में उपलब्ध नहीं होता है, तो BLO अधिकतम तीन बार विजिट करेंगे।
इस अभियान के तहत राज्य के 79 लाख से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाएगी। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन सुविधाएं भी शुरू की हैं, जिससे मतदाता घर बैठे ही BLO से संपर्क कर सकते हैं और अपनी जानकारी अपडेट करवा सकते हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 14 जुलाई को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी और 15 सितंबर 2026 को अंतिम सूची प्रकाशित होगी। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और समय पर अपने दस्तावेज अपडेट कराएं।