सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं: जौनसार बावर में सड़क, पुल, शिक्षा और पेयजल योजनाओं को मिली मंजूरी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौनसार बावर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। यह घोषणाएं नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह के दौरान की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इन योजनाओं की हुई घोषणा:
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई सड़क, पुल, शिक्षा और पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी दी। इनमें प्रमुख रूप से—
- समरजेंस मोटर मार्ग का चौड़ीकरण और डामरीकरण
- प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करना
- चकराता ब्लॉक में यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल का निर्माण
- क्यारापुल-डामटा-म्यूंडा मार्ग से छामरी और जाखणी तक सड़क निर्माण
- सकरोल से महासू महाराज थैना तक संपर्क मार्ग का निर्माण
- खबऊ क्षेत्र में यमुना नदी से पंपिंग पेयजल योजना
- जगथान बुरायला मार्ग से उदांवा तक सड़क निर्माण प्रस्ताव
- द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नया संपर्क मार्ग
संस्कृति और परंपरा पर जोर:
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार बावर की संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान राज्य की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने रासो, हारूल और बौंद जैसी पारंपरिक विधाओं को देश की पहचान बताया।
जनजातीय विकास पर फोकस:
सरकार ने हर साल जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिक्षा और कल्याण योजनाएं:
मुख्यमंत्री ने बताया कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण जारी है।
इसके अलावा जनजातीय छात्रों को प्राथमिक से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति दी जा रही है और 16 आश्रम पद्धति विद्यालय भी संचालित हैं।
महिला और सामाजिक सहायता:
जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही जनजातीय शोध संस्थान के लिए 1 करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड भी स्थापित किया गया है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़ा निवेश:
चकराता क्षेत्र में लगभग 39 करोड़ रुपये की 56 योजनाओं को मंजूरी दी गई थी, जिनमें से 51 पूरी हो चुकी हैं। शेष योजनाएं जल्द पूरी की जाएंगी।
पूरे क्षेत्र की सड़कों को मजबूत करने के लिए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर काम चल रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 707 का चौड़ीकरण जारी है और कालसी-चकराता मार्ग पर भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान किया जा रहा है। न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर करीब 229 करोड़ रुपये की लागत से काम हो रहा है।
श्री महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, मधु चौहान, गीता राम गौड़, नरेश चौहान, नरेंद्र तोमर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।