रुड़की में खुले नाले ने ली बड़ी परीक्षा, बारिश के बीच नाले में समाई बुलेट, बाल-बाल बचा युवक
रुड़की: मानसून की बारिश ने रुड़की में नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। अंबर तालाब इलाके में भारी जलभराव के चलते सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे एक बुलेट सवार युवक खुले नाले को पहचान नहीं सका और उसमें जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने किसी तरह खुद को नाले से बाहर निकाल लिया, लेकिन उसकी बुलेट बाइक नाले में फंस गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
काफी देर तक प्रयास करने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बाइक को बाहर निकाला गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुले नालों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर बारिश में ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के खुले नालों को तुरंत सुरक्षित किया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।