खटीमा में पेड़ों के कटान का मामला गरमाया, वीडियो और विभागीय दावे में दिखा अंतर
ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में पेड़ कटान का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। 16 पेड़ों के कटान के मामले के बाद अब चकरपुर वन चौकी क्षेत्र से सामने आए नए वीडियो ने एक बार फिर वन विभाग को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।
वीडियो और लोकेशन फोटो में चार कटे हुए पेड़ों के ठूंठ दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। दूसरी ओर आरोप है कि विभाग ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को केवल दो पेड़ों के कटान की जानकारी दी, जिससे घटनाक्रम को लेकर विरोधाभास पैदा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल से लकड़ी पहले ही हटाई जा चुकी थी। साथ ही ठूंठों को जलाकर सबूत मिटाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे पूरे मामले में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एसडीओ संचिता वर्मा के अनुसार केवल दो सूखे और पहले से गिरे हुए पेड़ों का कटान हुआ है। उन्होंने बताया कि लकड़ी विभाग के कब्जे में सुरक्षित है और आगे की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौके पर वास्तव में कितने पेड़ों का कटान हुआ और स्थानीय लोगों के आरोपों में कितनी सच्चाई है।