UTU परीक्षा में लीक हुए सवालों का मामला, जांच के बाद आरोपी प्रोफेसर गिरफ्तार
देहरादून: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय को ई-मेल के जरिए शिकायत मिली थी कि परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए गए हैं। विश्वविद्यालय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कराई और पाया कि साझा किए गए कई प्रश्न वास्तविक परीक्षा पत्र से मेल खाते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति ने भी अपनी रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की कि परीक्षा से पहले छात्रों तक समान प्रश्न पहुंचाए गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच तेज की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रश्नपत्र किस तरह छात्रों तक पहुंचा।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।