रुड़की महापंचायत में किसानों ने भरी हुंकार, 28 जुलाई को होगा बड़ा प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की ओर से रुड़की में आयोजित महापंचायत में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिलों से किसान पहुंचे।
महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही देखने को मिलती है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने 28 जुलाई को देहरादून स्थित डीजीपी कार्यालय के घेराव की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन अपनी 31 सूत्रीय मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगा। उन्होंने सभी किसानों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की।
राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून का पालन निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए। उन्होंने अपने बेटे पर हुए हमले के मामले का जिक्र करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
महापंचायत में किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। संगठन ने कहा कि किसान अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।