स्वच्छ देहरादून की ओर बड़ा कदम, नगर निगम ने शुरू की क्विक रिस्पॉन्स टीम
देहरादून नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक तेज एवं व्यवस्थित बनाने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का शुभारंभ किया है। इस नई व्यवस्था का उद्घाटन शहरी विकास एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पांच विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक पाण्डेय, पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल को शहर के लिए सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में स्वच्छता को लेकर कई प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम की यह टीम उसी अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगी।
उन्होंने बताया कि क्विक रिस्पॉन्स टीम का मुख्य उद्देश्य ऐसे स्थानों पर तत्काल सफाई सुनिश्चित करना है, जहां बड़े आयोजनों के बाद कचरा अधिक मात्रा में जमा हो जाता है। टीम मौके पर पहुंचकर कचरे का तुरंत निस्तारण करेगी।
नगर निगम के अनुसार, इस पहल से सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और देहरादून को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।