कांवड़ मेले की तैयारियां तेज, हरिद्वार में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने की उच्चस्तरीय समीक्षा
हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर हरिद्वार प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। इसी सिलसिले में जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 21 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाना रहा।
सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रहे, बिजली और पेयजल की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे तथा स्वच्छता और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं में कोई कमी न आने पाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला उत्तराखंड की पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और हर व्यवस्था को समय पर पूरा करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने भी मेले के दौरान प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।