कुमाऊं विश्वविद्यालय में सम्मानित हुए भगत सिंह कोश्यारी, मेधावी छात्रों को भी किया सम्मानित
नैनीताल के कुमाऊं विश्वविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह शिक्षा और प्रेरणा का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम में पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी को सम्मानित करने के साथ-साथ शहर के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
डीएसबी परिसर के ए.एन. सिंह हॉल में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई।
कोश्यारी को उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के विकास में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी उन्हें सम्मान स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री अनूप शाह और नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।