उत्तराखंड में बम धमकी से मचा था हड़कंप, सोशल मीडिया पोस्ट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नाराजगी के चलते धमकी भरी पोस्ट साझा की थी।
पुलिस के अनुसार, 21 जून को इंस्टाग्राम पर “Jaspreet-devil” नाम की आईडी से एक पोस्ट वायरल हुई थी। पोस्ट में 25 जून को राज्य के सभी थानों में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। पोस्ट वायरल होते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई थीं।
मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच की और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद लगातार निगरानी करते हुए उसे देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि कर्णप्रयाग में निहंग सिखों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने यह पोस्ट डाली थी। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
देहरादून पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की झूठी सूचना, धमकी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस को दें।