केतन लाल के परिजनों से मिलने उत्तराखंड पहुंचे चंद्रशेखर आज़ाद, रुड़की में हुआ स्वागत
रुड़की: नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक चंद्रशेखर आज़ाद रविवार को अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान मंगलौर स्थित अब्दुल कलाम चौक पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और कुछ देर तक उनसे मुलाकात की।
चंद्रशेखर आज़ाद का रुड़की में कार्यक्रम अधिक समय का नहीं था। वह कुछ मिनटों तक कार्यकर्ताओं के बीच रहे और इसके बाद हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
दौरे के दौरान मीडिया ने सांसद से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। बिना कोई प्रतिक्रिया दिए उन्होंने अपना अगला कार्यक्रम जारी रखा।
बताया जा रहा है कि उनका उत्तराखंड दौरा मृतक केतन लाल के परिजनों से मुलाकात करने के उद्देश्य से है। इस दौरान पार्टी नेता महक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।