एक साल बाद भी नहीं हुई जांच, ग्रामीणों ने ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर जताया आक्रोश
रुड़की: ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायतों की जांच में हो रही देरी को लेकर रुड़की ब्लॉक के माधोपुर हरजरतपुर गांव के ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। ग्रामीणों ने ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ विभिन्न अनियमितताओं की शिकायत की गई थी, जिसके बाद जांच के आदेश भी जारी हुए थे। लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जांच पूरी नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जांच टीम को निर्धारित समय पर गांव पहुंचना था, लेकिन अधिकारी घंटों की देरी से पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारियों ने गांव में औपचारिकता निभाते हुए कुछ लोगों के हस्ताक्षर लिए और बिना किसी ठोस जांच के वापस लौट गए।
इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया को जानबूझकर प्रभावित किया जा रहा है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।