मानसून से पहले अलर्ट मोड पर देहरादून प्रशासन, डीएम ने तैयारियों की ली सख्त समीक्षा
उत्तराखंड में मानसून की दस्तक से पहले देहरादून जिला प्रशासन आपदा प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। संभावित आपदाओं और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन मानसून को लेकर पूरी तरह सतर्क है। हाल ही में जल संस्थान, आपदा प्रबंधन विभाग और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई है। बैठक का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभागों की तत्परता और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
डीएम ने कहा कि जिले के सभी जलभराव वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और निम्न इलाकों की पहचान की जा रही है। साथ ही ऐसे क्षेत्रों में रहने वाली प्रभावित आबादी का डेटा भी तैयार किया जा रहा है ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव उपकरणों, आपदा नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा जा रहा है, ताकि किसी भी चुनौती का समय रहते सामना किया जा सके।